नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
पंचायत राज आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कोटा जिले में 22 अक्टूबर को लाडपुरा, सुल्तानपुर, इटावा और सांगोद पंचायत समितियों में जिला परिषद के 19 तथा पंचायत समिति के 84 वार्डों के लिए मतदान होगा। मतदान से पहले उम्मेद स्टेडियम में मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसके बाद दलों को मतदान सामग्री सौंपने और वाहनों से निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना करने की प्रक्रिया की गई।
प्रशिक्षण के दौरान मतदान दलों को चुनाव प्रक्रिया, मतदान व्यवस्था और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। दलों को ईवीएम, मतपेटी तथा अन्य जरूरी चुनावी रिकॉर्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा सकें।
प्रशासन ने चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। चुनाव कार्य में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। पंचायत राज चुनाव के अगले चरण में 24 अक्टूबर को सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव होंगे।
