नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा जिले में पंचायती राज चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को सांगोद, सुल्तानपुर, इटावा और लाडपुरा पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। पहले चरण में 4,47,841 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 2,31,445 पुरुष और 2,16,396 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए जिले में 538 केंद्र बनाए गए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा।
पहले चरण में जिला परिषद के 19 वार्डों में 51 प्रत्याशी और चार पंचायत समितियों के 84 वार्डों में 219 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस तरह कुल 270 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला मतदाता करेंगे। मतदाताओं को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के लिए अलग-अलग ईवीएम के जरिए मतदान करना होगा।
सुरक्षा में 2500 पुलिसकर्मी तैनात
मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था में 2500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें चार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 35 डीएसपी व सीआई सहित आरएसी के जवान शामिल हैं। इसके अलावा निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए 54 मोबाइल पार्टियां तैनात रहेंगी।
पुलिस ने 40 संवेदनशील पंचायतों में विशेष सतर्कता बरतने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को रिजर्व रखा है। मतदान केंद्रों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी।
24 अक्टूबर को सरपंच-पंच के लिए मतदान
पंचायती राज चुनाव के अगले चरण में 24 अक्टूबर को सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान होगा। इसी दिन मतदान के बाद परिणाम भी घोषित किए जाएंगे।
