कोटा। कोटा रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन ‘यात्री सुरक्षा’ के तहत आरपीएफ ने कोटा-पटना एक्सप्रेस से एक युवक को चाकू के साथ पकड़ा। तलाशी में उसकी जींस की जेब से 32.5 सेंटीमीटर लंबा धारदार चाकू बरामद हुआ। आरपीएफ ने युवक को जीआरपी के सुपुर्द किया, जहां आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरपीएफ के अनुसार, अपराध एवं खुफिया शाखा की टीम प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर गश्त कर रही थी। इस दौरान ट्रेन के दूसरे सामान्य श्रेणी कोच के गेट के पास एक युवक संदिग्ध गतिविधियां करता नजर आया। वह यात्रियों के बीच घूमते हुए उनकी जेबों की ओर हाथ बढ़ा रहा था। टीम को देखते ही उसने कोच में छिपने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक की पहचान बारां निवासी 25 वर्षीय नीरज कुशवाहा के रूप में हुई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आरपीएफ ने यात्रियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल आरपीएफ, जीआरपी या रेल मदद हेल्पलाइन 139 पर देने की अपील की है।
