नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
नवरात्र के दौरान कोडक्या बालाजी मंदिर में दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं को अब आवागमन में राहत मिलेगी। महापौर अनुसुईया गोस्वामी के निर्देश पर नयापुरा चौराहे से रडी–चडी गांव तक संचालित पीएम ई-बसों का संचालन बुधवार से नवरात्र की समाप्ति तक कोडक्या बालाजी मंदिर तक बढ़ा दिया गया है। इससे श्रद्धालु सार्वजनिक परिवहन के जरिए सीधे मंदिर तक पहुंच सकेंगे।
महापौर ने बताया कि कोडक्या बालाजी मंदिर के प्रति आमजन की गहरी आस्था है। नवरात्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन मंदिर तक सार्वजनिक परिवहन की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी होती थी। श्रद्धालुओं के आग्रह पर संबंधित अधिकारियों को बसों का संचालन मंदिर तक बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
हर 45 मिनट में मिलेगी बस
महापौर के अनुसार, नयापुरा चौराहे से रडी–चडी के बीच संचालित चारों पीएम ई-बसें नवरात्र अवधि में कोडक्या बालाजी मंदिर तक जाएंगी। नयापुरा से पहली बस सुबह 6:30 बजे और अंतिम बस शाम करीब 6:30 बजे रवाना होगी। बस को नयापुरा से मंदिर पहुंचने में लगभग एक घंटा 10 मिनट लगेगा। मंदिर पर पांच मिनट ठहरने के बाद बस वापस नयापुरा के लिए रवाना होगी। इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
