मोबाइल ऐप पर मिलेगी बसों की लाइव लोकेशन
नागरीक अभिव्यक्ति @ कोटा
शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में अगले सप्ताह से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। पीएम ई-बस सेवा के तहत 48 नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन 12 प्रमुख रूटों पर शुरू किया जाएगा। इससे एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, सोगरिया, नयापुरा, अनंतपुरा और आरके पुरम सहित शहर के प्रमुख क्षेत्रों के साथ तालेड़ा, सीमलिया, दर्रा और अन्य बाहरी इलाकों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
हाल ही में कोटा बस सर्विस लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने सुभाष नगर स्थित पीएम ई-बस डिपो का निरीक्षण कर संचालन से पहले शेष सभी व्यवस्थाएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। मेंटेनेंस शेड में बसों की मरम्मत के लिए बने बे की गहराई कम मिलने पर इसमें सुधार के निर्देश दिए गए। चारों मेंटेनेंस बे में चार फीट गहराई सुनिश्चित की जाएगी, जबकि एक बे 12 मीटर लंबी बसों के लिए आरक्षित रहेगा। ई-बसों में इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन और आईटीएमएस की सुविधा भी होगी। यात्रियों के लिए अलग मोबाइल ऐप और वेबसाइट विकसित की जाएगी, जिससे वे बसों की रियल टाइम लोकेशन देख सकेंगे।
इन रूटों पर चलेंगी बसें
एयरपोर्ट-रानपुर रूट पर 4, एयरपोर्ट-सोगरिया पर 2, रायपुरा-भदाना पर 2, झालीपुरा-अरंडखेड़ा पर 4, बड़गांव-सीमलिया पर 6, चंद्रसेल-आरके पुरम पर 6, सोगरिया स्टेशन-अनंतपुरा पर 4, न्यू बस स्टैंड सर्कुलर रूट पर 4, नयापुरा-तालेड़ा पर 4, नयापुरा-रड़ी चढ़ी फाटक पर 4, एयरपोर्ट-दर्रा जंक्शन पर 4 और रेलवे स्टेशन-मुकुंदरा विहार रूट पर 4 बसें संचालित होंगी।
