कोटा — कोटा शहर में कोचिंग छात्रों की सुरक्षा मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए जवाहर नगर थाना पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। शहर पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. तेजस्विनी गौतम के निर्देशानुसार, जवाहर नगर थाना पुलिस, आरएसी (RAC) के जवानों और कमांडो टीम ने पूरे कोचिंग हब में एक विशेष सघन चेकिंग अभियान और संयुक्त रूट मार्च (फ्लैग मार्च) निकाला।
यह पूरी कार्रवाई सीओ प्रथम (RPS) मनीष शर्मा के निर्देशन और जवाहर नगर थानाधिकारी (Inspector) मुकेश कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस जाब्ते ने क्षेत्र के प्रमुख कोचिंग इलाकों—राजीव गांधी नगर, इंदिरा विहार, जवाहर नगर, डिस्ट्रिक्ट सेंटर, तलवंडी और तलवंडी चौराहे पर पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
सघन चेकिंग के दौरान हुई प्रमुख कार्रवाइयां:
- 8 पावर बाइक ज़ब्त: कोचिंग एरिया में तेज रफ्तार, स्टंटबाज़ी और तेज आवाज़ वाले साइलेंसर से हुड़दंग मचाने वाली 8 पावर बाइक्स को पुलिस ने मौके पर ही ज़ब्त कर लिया।
- 60 पुलिस एक्ट में 17 कार्रवाइयां: सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, बेवजह मजमा लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 17 लोगों के खिलाफ 60 पुलिस एक्ट के तहत चालान बनाए गए।
- 2 युवक गिरफ्तार: इलाके में शांति व्यवस्था भंग करने और माहौल खराब करने के आरोप में पुलिस ने 2 युवकों को धारा 151 (शांतिभंग) के तहत गिरफ्तार किया है।
थानाधिकारी मुकेश कुमार ने स्पष्ट किया कि कोचिंग क्षेत्र में आने वाले छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए इस तरह के औचक चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
