कोटा। चाकूबाजी और अवैध धारदार हथियारों पर अंकुश लगाने तथा युवाओं को गैंग संस्कृति से दूर रखने के लिए कोटा शहर पुलिस ने अक्टूबर में विशेष अभियान ‘ऑपरेशन H.A.W.K.’ शुरू किया है। इसका पूरा नाम ‘हंट अगेंस्ट वेपन्स एंड नाइव्स’ है। कोटा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक हरेंद्र कुमार महावर के निर्देश पर कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम को अभियान का रेंज स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना और शहर में सुरक्षा का माहौल मजबूत करना है। अभियान का मंत्र ‘डिटेक्ट, डिटर, डिसआर्म’ यानी पहचान, रोकथाम और निरस्त्रीकरण रखा गया है।
इसके तहत कोचिंग संस्थानों, स्कूलों और चिन्हित हॉटस्पॉट के आसपास अचानक चेकिंग की जाएगी। पैदल और रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ सघन नाकाबंदी भी की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों, अभय कमांड सेंटर और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की मदद ली जाएगी।
अभियान के दौरान हिस्ट्रीशीटरों और पहले चाकूबाजी की घटनाओं में शामिल रहे बदमाशों का सत्यापन कर उनकी निगरानी की जाएगी। होटल, लॉज, किराएदारों और पेइंग गेस्ट (पीजी) आवासों का भी नियमित सत्यापन किया जाएगा। पुलिस आमजन और व्यापारिक संगठनों के साथ समन्वय कर सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देगी।
अधिकारियों के अनुसार, अभियान के जरिए अवैध हथियारों की उपलब्धता और चाकूबाजी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने का प्रयास किया जाएगा।
