कोटा। कोटा पॉलिटेक्निक कॉलेज में गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती मनाई गई। विद्यार्थियों और स्टाफ ने प्रयोगशालाओं एवं कार्यस्थलों को स्वच्छ रखने तथा तकनीकी उपकरणों के सुरक्षित और जिम्मेदारी से उपयोग का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरमैन प्रो. डॉ. आर. ए. गुप्ता ने भगवान विश्वकर्मा के पूजन और आरती से किया। निदेशक सिद्धार्थ गुप्ता ने संस्थान की प्रयोगशालाओं, मशीनरी और तकनीकी उपकरणों का पूजन किया। इस दौरान भगवान विश्वकर्मा को तकनीकी कौशल, निर्माण कला और शिल्प के प्रतीक के रूप में स्मरण किया गया। विद्यार्थियों को मेहनत, नवाचार, अनुशासन और तकनीकी दक्षता का महत्व बताया गया।
प्राचार्य देवेश गोचर ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती तकनीकी शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों के लिए विशेष महत्व रखती है। यह पर्व कार्य के प्रति समर्पण, कौशल विकसित करने और नई तकनीकों को अपनाने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने मशीनरी के रखरखाव तथा तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया। अंत में प्रसाद वितरण किया गया।
