कोटा। उद्योग नगर थाना क्षेत्र के प्रेम नगर प्रथम में पुलिस चौकी के पास स्थित हनुमान मंदिर से अज्ञात चोर चांदी का मुकुट और तस्वीर चुरा ले गए। मंदिर में पिछले दो साल में चोरी की यह चौथी वारदात बताई गई है। चौकी के नजदीक बार-बार चोरी होने से क्षेत्र की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मंदिर के पुजारी रामनरेश भार्गव के मुताबिक, चोर हनुमानजी की मूर्ति पर लगा करीब 225 ग्राम चांदी का मुकुट और मंदिर में रखी करीब 50 ग्राम चांदी की तस्वीर ले गए। वारदात रात करीब एक से तीन बजे के बीच होने की आशंका है। सुबह मंदिर खुलने पर चोरी का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुजारी के अनुसार, इससे पहले भी मंदिर से दानपेटी और पूजा में इस्तेमाल होने वाले बर्तन चोरी हो चुके हैं। दो साल में चौथी बार मंदिर को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पुलिस चौकी पास होने के बावजूद चोर सामान लेकर निकल गए। लगातार हो रही वारदातों के बीच सवाल है कि मंदिर और आसपास के क्षेत्र की निगरानी कितनी प्रभावी है। पिछली चोरियों में क्या कार्रवाई हुई और उनका खुलासा हुआ या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।
