नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा के शिक्षा विभाग में कार्यरत शारीरिक शिक्षक मंदोदरी चौधरी अब रुद्र जाट के नाम से पहचाने जाएंगे। राज्य सरकार ने उनके लिंग और नाम में बदलाव की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही सरकारी सेवा अभिलेखों में भी उनकी नई पहचान दर्ज होने का रास्ता साफ हो गया है। रुद्र जाट वर्तमान में राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, नांता महल में शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) के पद पर कार्यरत हैं।
रुद्र जाट ने बताया कि जेंडर डिस्फोरिया के कारण उन्होंने महिला से पुरुष के रूप में अपनी लैंगिक पहचान बदलने और नाम रुद्र जाट रखने के लिए शिक्षा विभाग के माध्यम से राज्य सरकार से अनुमति मांगी थी। इसके लिए राजस्थान सेवा नियम 1991 के नियम 8ए के तहत आवेदन किया गया था।
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर के निदेशक ललित कुमार ने 28 अक्टूबर को इस संबंध में सरकारी अनुमति जारी की है। शिक्षा विभाग ने ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 और उससे जुड़े 2020 के नियमों के प्रावधानों के अनुसार निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की शर्त पर सेवा रिकॉर्ड में संशोधन की मंजूरी दी है।
अब संबंधित कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद विभागीय सेवा अभिलेखों में उनका नाम और लिंग बदला जाएगा। इसके बाद सरकारी रिकॉर्ड में उनकी पहचान रुद्र जाट के रूप में दर्ज होगी।
