कोटा, 21 सितंबर। श्री राधे-राधे परिक्रमा मंडल के तत्वावधान में विनोबा भावे नगर, खड़े गणेश जी रोड स्थित खंडेलवाल वैश्य भवन में श्री राधा अष्टमी जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। धार्मिक आयोजन में कोटा संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु शामिल हुए। महिला, पुरुष और युवाओं ने ठाकुर श्री राधा-कृष्ण की आराधना कर महाआरती में भाग लिया तथा सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।
जन्मोत्सव के अवसर पर मंडल की ओर से आयोजित होने वाले ‘दसवें विशाल गोवर्धन भंडारे’ के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन भी किया गया। यह तीन दिवसीय सेवा आयोजन 30 दिसंबर 2026 से 1 जनवरी 2027 तक गिरिराज जी की पावन धरा पर आयोजित किया जाएगा।
पोस्टर का विमोचन मुख्य अतिथि कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने मंडल अध्यक्ष विष्णु खंडेलवाल और महामंत्री श्याम चौरसिया की उपस्थिति में किया। पोस्टर अनावरण के दौरान श्रद्धालुओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ ‘जय श्री राधे’ और ‘बांके बिहारी लाल की जय’ के जयकारे लगाए। इससे पूरा सभागार भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
धार्मिक आयोजन से सेवा परंपरा तक
समारोह में सत्यनारायण खंडेलवाल, नरेंद्र गौतम, हंसराज नामा, निश्चय निर्भीक, हेमंत गौतम, जीतू कालरा और संजय खत्री सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि विधायक संदीप शर्मा ने मंडल की ओर से वर्षों से किए जा रहे धार्मिक आयोजनों और गोवर्धन भंडारे की सेवा परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक जुड़ाव, भाईचारे और सेवा भावना को बढ़ावा देने का माध्यम बनते हैं।
लाखों श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था
मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि वार्षिक गोवर्धन भंडारा इस वर्ष अपने 10वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। आयोजन को अधिक भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
तीन दिवसीय भंडारे के दौरान गिरिराज परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए निरंतर प्रसादी और सेवा की व्यवस्था रहेगी। मंडल के अनुसार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए व्यवस्थाओं को व्यापक स्तर पर तैयार किया जा रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर मंडल की ओर से सभी अतिथियों का दुपट्टा ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।
