कोटा, 29 सितंबर। संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने मकान का ताला तोड़कर लैपटॉप, चार्जर, डीजे मिक्सर और 8 हजार रुपए नकद चोरी करने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी अतीक मोहम्मद उर्फ अज्जू को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा भी जब्त किया गया है।
शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की धरपकड़ के लिए थाना अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुभाषचंद्र मिश्रा के निर्देशन, वृताधिकारी वृत द्वितीय राजेश टेलर के सुपरविजन और रेलवे कॉलोनी थानाधिकारी रामस्वरूप मीणा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
CCTV फुटेज से मिली अहम कड़ी
पुलिस के अनुसार 27 सितंबर को फरियादी विशाल ने रिपोर्ट दी कि वह डीजे का कार्य करता है और कैलाशपुरी में डीजे का सामान रखने के लिए किराये पर मकान ले रखा है। 27 सितंबर की रात करीब 3 बजे लाल रंग के ई-रिक्शा से एक व्यक्ति आया और मकान का ताला तोड़कर लैपटॉप, चार्जर, डीजे मिक्सर और 8 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गया। घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी।
मामले में रेलवे कॉलोनी थाने में प्रकरण संख्या 289/2026 धारा 331(4), 305(A) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरी से आरोपी तक पहुंची पुलिस
विशेष टीम ने घटना के तुरंत बाद CCTV फुटेज का विश्लेषण किया। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए और संदिग्ध की पहचान के लिए मुखबिरी एवं आसूचना तंत्र की मदद ली गई। पुलिस ने 28 सितंबर को अतीक मोहम्मद उर्फ अज्जू को डिटेन कर पूछताछ के बाद संबंधित धाराओं में गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी वर्तमान में नांता क्षेत्र में किराये से रहकर ई-रिक्शा चलाता है। उसने ई-रिक्शा लोन पर खरीदा था और उसकी किश्तें बकाया थीं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि लोन की किश्तें जमा करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया और चोरी किए गए डीजे सामान को बेचने की योजना बनाई थी।
पुलिस ने आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ शुरू की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2016 में रेलवे कॉलोनी थाने में धारा 457, 380 आईपीसी के तहत भी मामला दर्ज रहा है।
गठित टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी रामस्वरूप मीणा, एएसआई नरेश कुमार, कांस्टेबल दिगम्बर, सुरेश कुमार, अरशद, अजीत सिंह (आसूचना), मदनलाल सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
