कोटा। रेलवे ठेकों से जुड़ी फर्म मैसर्स हाईटेक ऑर्गेनाइजेशन में वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। फर्म के पार्टनर भास्कर गोयल की शिकायत पर जवाहर नगर थाना पुलिस ने जितेंद्र गोयल, उनकी पत्नी किरण गोयल और अर्पित अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि फर्जी हस्ताक्षर और डिजिटल सिग्नेचर का इस्तेमाल कर रेलवे के IREPS पोर्टल पर फर्म का बैंक खाता बदल दिया गया। इसके बाद रेलवे से मिलने वाली करोड़ों रुपए की राशि नए खाते में ट्रांसफर कराकर निकाल ली गई।
रेलवे पोर्टल से अलर्ट मिलने पर सामने आया मामला
परिवादी भास्कर गोयल के अनुसार, रेलवे के IREPS पोर्टल पर बैंक खाते में बदलाव से संबंधित अलर्ट मिलने के बाद कथित गड़बड़ी का पता चला। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फर्म के बैंक खाते से संबंधित जानकारी में बदलाव करने के लिए फर्जी हस्ताक्षर और डिजिटल सिग्नेचर का इस्तेमाल किया गया। इसके जरिए रेलवे से होने वाले भुगतानों को दूसरे खाते में स्थानांतरित कराया गया।
शिकायत में लाखों रुपए की राशि निजी खातों में ट्रांसफर किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि, मामले में कथित लेन-देन और भुगतान से जुड़ी पूरी स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
अधूरे कार्यादेश को लेकर रेलवे ने शुरू की थी कार्रवाई
मामले में यह भी सामने आया है कि कार्यादेश के तहत काम अधूरा रहने पर रेलवे ने फर्म के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की थी। इसी बीच फर्म के भुगतान और बैंक खाते में कथित बदलाव को लेकर विवाद सामने आया।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज मामले की जांच जवाहर नगर थानाधिकारी मुकेश मीणा कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, शिकायत में लगाए गए आरोपों, बैंक खातों में हुए लेन-देन और डिजिटल सिग्नेचर के इस्तेमाल से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
