कोटा। कोटा रेल मंडल में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता के साथ लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना है। मंडल की ओर से अभियान के दौरान ऐसे 1460 स्थानों की पहचान की गई, जहां विशेष रूप से स्वच्छता की जरूरत थी। इन सभी स्थानों पर सफाई कराई गई है।
अभियान के तहत केवल सफाई तक सीमित न रहते हुए रेलवे कार्यालयों में पुरानी फाइलों, अनुपयोगी सामग्री और लंबित कार्यों के निस्तारण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अनुपयोगी सामग्री को वर्कशॉप भेजा जाएगा। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे ई-ऑक्शन के माध्यम से निस्तारित किया जाएगा।
लंबित कार्यों के निस्तारण पर भी फोकस
रेल मंडल के कार्यालयों में लंबित मामलों और कार्यों को चिह्नित कर उनके निस्तारण का प्रयास किया जा रहा है।
संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई पूरी कर जवाब देने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। अभियान के माध्यम से कार्यालयों में अनावश्यक सामग्री हटाने और कार्यस्थलों को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया जा रहा है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधरोपण
2 अक्टूबर को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी मंडल के उद्यानिकी विभाग को दी गई है। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल हो और वे विकसित होकर पेड़ का रूप लें।
अभियान के जरिए स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण और कार्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी गतिविधियां की जा रही हैं।
