कोटा। कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर प्रस्तावित पुनर्विकास कार्य को लेकर रेलवे ने ट्रेनों के संचालन और प्लेटफॉर्म में बदलाव की अग्रिम योजना तैयार की है। पुनर्विकास कार्य के दौरान प्लेटफॉर्म-3 पर आने वाली ट्रेनों को प्लेटफॉर्म संख्या 4, 2, 1, 1-ए अथवा अन्य उपलब्ध प्लेटफॉर्म पर लिया जा सकता है।
रेलवे की योजना के अनुसार कुछ ट्रेनों के संचालन में भी बदलाव किया जाएगा। इसके चलते यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति और स्टेशन की जानकारी जांचने की सलाह दी गई है।
चार ट्रेनें कोटा स्टेशन नहीं आएंगी
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत 14813/14814 जोधपुर–भोपाल–जोधपुर तथा 12181/12182 जबलपुर–अजमेर–जबलपुर ट्रेनों को सोगरिया होकर चलाने की योजना है। ये ट्रेनें कोटा रेलवे स्टेशन नहीं आएंगी और इनके मार्ग में सोगरिया का उपयोग किया जाएगा।
तीन ट्रेनें सोगरिया में होंगी समाप्त
इसके अलावा 19812 इटावा–कोटा, 22984 इंदौर–कोटा और 61634 बीना–कोटा ट्रेनों को सोगरिया स्टेशन पर ही समाप्त करने की योजना बनाई गई है। वहीं 61633 कोटा–बीना ट्रेन को सोगरिया स्टेशन से रवाना किए जाने की योजना है।
रेलवे के अनुसार प्लेटफॉर्म-3 पर प्रस्तावित पुनर्विकास कार्य के दौरान ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में भी बदलाव हो सकते हैं। प्लेटफॉर्म-3 पर निर्धारित ट्रेन को उपलब्धता के आधार पर प्लेटफॉर्म 4, 2, 1, 1-ए या अन्य प्लेटफॉर्म पर लिया जा सकता है।
ब्लॉक की तारीख बाद में होगी जारी
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि पुनर्विकास कार्य के लिए ब्लॉक की तिथि और उसकी अवधि सक्षम स्वीकृति मिलने के बाद अलग से जारी की जाएगी। इसलिए यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन, प्लेटफॉर्म और समय से संबंधित ताजा जानकारी अवश्य जांचने की सलाह दी गई है।
