| कोटा कोटा में राजस्थान स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। नयापुरा स्थित रघुराय इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों की 25 टीमों के 1100 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ी ताइक्वांडो और मार्शल आर्ट्स के कौशल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबलों में अपना दमखम दिखा रहे हैं।
राजस्थान ताइक्वांडो एसोसिएशन और डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में सब जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर सहित चार वर्गों में मुकाबले हो रहे हैं। इसमें सात वर्ष की उम्र के बच्चों से लेकर कॉलेज स्तर तक के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता 11 अक्टूबर तक आयोजित होगी। इसमें हिस्सा लेने पहुंचे खिलाड़ियों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य स्तर पर खेल कौशल को परखने का अवसर दे रही है।
