कोटा। रामपुरा स्थित ‘नगर सेठ’ गणेश पंडाल में तलवार लेकर हंगामा करने के मामले में रामपुरा थाना पुलिस ने आरोपी सम्राट को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी रामपुरा के भाटापाड़ा का निवासी है। दो दिन पहले हुई घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों ने दुकानें बंद कर प्रदर्शन किया था और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी तलवार लेकर गणेश पंडाल में पहुंचा और हंगामा करने लगा। इससे श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। घटना को लेकर आयोजन समिति और व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया।
फिलहाल रामपुरा थाना पुलिस आरोपी से घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ कर रही है।
