कोटा। रानपुर थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कंपनी के बाहर खड़े दस चक्का ट्रक का चेसिस चोरी हो गया। बदमाश ट्रक का पिछला हिस्सा खोलकर मौके पर छोड़ गए और चेसिस लेकर फरार हो गए। चोरी के बाद वाहन की आवाजाही दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के कराड़िया इंटरचेंज टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में दर्ज हुई। पुलिस फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
सोनू ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि उनकी कंपनी का कार्यालय आरटीओ ऑफिस के पास रैतिया चौकी क्षेत्र में है। उनके पास पांच ट्रक हैं, जिन्हें आमतौर पर कार्यालय के बाहर खड़ा किया जाता है। सफेद रंग का टाटा 5532 ट्रक, पंजीयन संख्या आरजे-20-जीसी-6170, भी 14 सितंबर से वहीं खड़ा था।
मीणा के अनुसार, 17 सितंबर की सुबह करीब साढ़े सात बजे कार्यालय पहुंचने पर ट्रक नहीं मिला। आसपास तलाश करने पर उसका पिछला हिस्सा मौके पर पड़ा मिला, जबकि चेसिस गायब था। उन्होंने रानपुर थाने में चोरी की शिकायत दी।
तलाश के दौरान वाहन के कराड़िया टोल से गुजरने की जानकारी सामने आई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारियों के आधार पर वाहन का रास्ता तथा वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
