नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा। शहर में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आरके पुरम थाना क्षेत्र में एक कैफे के पास युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल राहुल गुमानपुरा थाना क्षेत्र के शॉपिंग सेंटर का निवासी बताया जा रहा है। आरोप है कि प्रशांत नाम के युवक ने अचानक पीछे से आकर उस पर लंबे चाकू से हमला किया और उसकी पीठ पर गंभीर वार कर दिया।
हमले में राहुल बुरी तरह घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उसका उपचार कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही आरके पुरम थाना पुलिस और उच्चाधिकारी सक्रिय हुए।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी प्रशांत की तलाश की जा रही है। हमले के पीछे की वजह और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। शहर में एक बार फिर हुई चाकूबाजी की इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।
