कोटा, 2 अक्टूबर। राज्य सरकार की ओर से आयोजित मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के तहत शुक्रवार को कोटा में जिला स्तरीय कार्यक्रम राज्य कृषि प्रबंध संस्थान के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित किया गया। इस दौरान जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कोटा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों से जुड़कर नव नियुक्त कार्मिकों से संवाद किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त कार्मिकों को जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं समर्पण से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशा मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और युवाओं को सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
सरकारी सेवा राष्ट्र निर्माण में योगदान का अवसर : संदीप शर्मा
जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने नव नियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा में चयन राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे युवाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता बढ़ती है। साथ ही उन्हें आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने और सामाजिक एवं पारिवारिक प्रतिष्ठा में वृद्धि का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि युवाओं का सरकारी सेवा में चयन व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने नव नियुक्त कार्मिकों से ईमानदारी, निष्ठा और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
विभिन्न विभागों में 101 कार्मिकों को मिली नियुक्ति
कार्यक्रम में कोटा जिले के विभिन्न विभागों में नियुक्त 101 कार्मिकों को मुख्यमंत्री की ओर से बधाई संदेश दिया गया। इनमें सहायक आचार्य, चिकित्सक, पशु चिकित्सा अधिकारी, आयुर्वेद नर्स, कंपाउंडर, योग प्रोफेशनल, डाटा एंट्री ऑपरेटर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, परिचारक, तकनीशियन तृतीय, कनिष्ठ सहायक, हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर और ग्रुप इंस्ट्रक्टर सहित विभिन्न पदों पर नियुक्त कार्मिक शामिल हैं।
नव नियुक्त कार्मिकों ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रतिबद्धता जताई।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, अतिरिक्त जिला कलक्टर सीलिंग रवि वर्मा, सीईओ जिला परिषद कमल कुमार मीणा, उप निदेशक रोजगार मनोज पाठक, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार गोठवाल, उप निदेशक ओम प्रकाश मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मंच संचालन पुरुषोत्तम शर्मा एवं किरण सिंह ने किया।
