कोटा। कोटा ग्रामीण की कैथून थाना पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र और वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन क्रिमिनल डिस्टिंग" के तहत यह सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 मुख्य अभियुक्तों और चोरी का माल खरीदने वाले 1 कबाड़ी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया है।
DRC प्लांट में चोरी का माल बरामद
कैथून थाना पुलिस के अनुसार, गिरोह ने हाल ही में DRC प्लांट को निशाना बनाया था। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर प्लांट से चुराई गई 17 भारी लोहे की शटरिंग प्लेटें, 2 चोरी की मोटरसाइकिल और कटिंग की गई बाइकों के कई महत्वपूर्ण पार्ट्स बरामद किए हैं।
मास्टर की से उड़ाते थे गाड़ियां, सुनसान जगह पर काटते थे पुर्जे
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी के अपने तरीके का खुलासा किया। गिरोह के सदस्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों से मास्टर-की (मास्टर चाबी) का इस्तेमाल कर पलक झपकते ही दोपहिया वाहन उड़ा लेते थे। इसके बाद वाहनों को सुनसान और वीरान ठिकानों पर ले जाकर उनके पार्ट्स को अलग-अलग खोल दिया जाता था ताकि वाहन की पहचान न हो सके। इन कटे हुए पार्ट्स और लोहे के सामान को कबाड़ी फरियाद हुसैन को औने-पौने दामों में बेच दिया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची:
- सिकन्दर (47) पुत्र असरफ खां, निवासी लाडपुरा
- अयान (20) पुत्र सिकन्दर, निवासी लाडपुरा
- राहुल (21) पुत्र सत्यनारायण, निवासी लाडपुरा
- शोएब (20) पुत्र मुस्ताक अली, निवासी लाडपुरा
- फरियाद हुसैन (49, कबाड़ी) निवासी भीमपुरा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है, जिससे कोटा ग्रामीण और शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की वारदातों के खुलासे और चोरी का अन्य सामान बरामद होने की प्रबल संभावना है।
