नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा ग्रामीण पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 45.110 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारें भी जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपए है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक कार में डोडा चूरा ले जाया जा रहा था, जबकि दूसरी कार उसके एस्कॉर्ट के तौर पर चल रही थी। यह खेप मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के दूधाखेड़ी क्षेत्र से राजस्थान के सुजानगढ़, जिला चूरू की ओर ले जाई जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर के अनुसार कार्रवाई 7 अक्टूबर 2026 को मंडाना थाना क्षेत्र में की गई। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए मंडाना थाना पुलिस और डीएसटी की टीम एनएच-52 स्थित गोपालपुरा टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक मारुति ब्रेजा कार क्रमांक MP14 CC 4618 को आते देखा। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश की और आगे निकल गया।
ब्रेजा के पीछे एक हुंडई वेन्यू कार क्रमांक RJ44 CA 8713 भी तेज गति से निकलने लगी। दोनों वाहनों के इस तरह एक साथ भागने से पुलिस को संदेह हुआ। मंडाना थानाधिकारी सुमेर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों कारों का पीछा शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद फाटाखेड़ा पुलिया के नीचे पुलिस वाहन को आगे लगाकर दोनों कारों को रुकवाया गया।
दोनों वाहनों को रोकने के बाद पुलिस ने चालकों से भागने का कारण पूछा, लेकिन वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद दोनों कारों की तलाशी ली गई। जांच में हुंडई वेन्यू के अंदर से 45.110 किलो डोडा चूरा बरामद हुआ। पूछताछ और मौके की स्थिति से पुलिस को पता चला कि दूसरी कार ब्रेजा इस वाहन को एस्कॉर्ट कर रही थी।
पुलिस ने वेन्यू चालक रेवन्त सिंह पुत्र भंवर सिंह, 33, निवासी मगरासर, थाना सदर सुजानगढ़, जिला चूरू को गिरफ्तार किया। दूसरे वाहन के चालक राजाराम पाटीदार पुत्र भैरूलाल, 48, निवासी दूधाखेड़ी, थाना भानपुरा, जिला मंदसौर, मध्यप्रदेश को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।
मामले में मंडाना थाने में प्रकरण संख्या 137/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 8/29 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि डोडा चूरा कहां से खरीदा गया था, इसे सुजानगढ़ में किसे पहुंचाया जाना था और इस नेटवर्क में इनके अलावा कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण रामकल्याण मीणा के सुपरविजन में वृत्ताधिकारी अरुण कुमार की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई थी। मंडाना थानाधिकारी सुमेर सिंह और डीएसटी प्रभारी सुरेन्द्र राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चैकिंग और संदिग्ध वाहनों की निगरानी की।
पुलिस के अनुसार टीम में मंडाना थाना पुलिस से सत्यप्रकाश कुंतल, बृजेश कुमार, लोकेश कुमार मीणा, श्रवण राम, सुमेर सिंह और सुरेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। कार्रवाई में डीएसटी टीम के मोरमुकुट, रविकांत, सुरेश, चतुर्भुज, मुकेश और अनिल की भी भूमिका रही।
एक ही रूट पर दो कारों की संदिग्ध तरीके से आवाजाही और नाकाबंदी देखकर भागने की कोशिश ने पुलिस का संदेह बढ़ाया, जिसके बाद पीछा कर की गई कार्रवाई में तस्करी की पूरी कड़ी सामने आई। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क के अन्य कड़ियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
