नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा ग्रामीण पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 123.33 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो वेंटो कारें भी जब्त की हैं। जब्त मादक पदार्थ और वाहनों की कुल कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को डीएसटी और मोडक थाना पुलिस की संयुक्त टीम दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मध्यप्रदेश के निमधूर-गरोठ की ओर से दो वेंटो कारें आईं। पुलिस नाकाबंदी देखकर चालकों ने वाहन भगाने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर दोनों कारों को रोक लिया।
जांच के दौरान बिना नंबर वाली वेंटो कार से तीन कट्टे और दूसरी कार नंबर एचआर70ई8549 से पांच कट्टे डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, मादक पदार्थ मध्यप्रदेश के गरोठ से पंजाब ले जाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवप्रीत सिंह और गुरविंदर सिंह निवासी पटियाला, पंजाब तथा गुरप्रीत सिंह और अविनाश निवासी कैथल, हरियाणा के रूप में हुई है। चारों के खिलाफ मोडक थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी ओमप्रकाश के मार्गदर्शन में की गई। इसमें मोडक थाना पुलिस और डीएसटी टीम की विशेष भूमिका रही।
