कोटा ग्रामीण। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के बाद जब्त किए गए माल के निस्तारण को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोटा ग्रामीण के 16 पुलिस थानों में दर्ज 69 प्रकरणों में जब्त गांजा, डोडा चूरा और स्मैक को नियमानुसार नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार कुल 4968 किलो 493 ग्राम मादक पदार्थ का निस्तारण किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 11 करोड़ 44 लाख 20 हजार 115 रुपए है।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 854 किलो 292 ग्राम गांजा, 4113 किलो 701 ग्राम डोडा चूरा और 500 ग्राम स्मैक शामिल है। न्यायालय से भौतिक सत्यापन और आवश्यक निर्णय के बाद जिला औषधि व्ययन समिति ने पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर की मौजूदगी में यह कार्रवाई की।
जब्त मादक पदार्थों को मोड़क स्थित मंगलम फैक्ट्री के बॉयलर में जलाकर नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान संबंधित अधिकारियों ने रिकॉर्ड के अनुसार जब्त माल का मिलान किया और उसका वजन भी कराया गया।
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थ और अन्य सामान लंबे समय से विभिन्न पुलिस थानों के मालखानों में जमा था। माल के नियमानुसार निस्तारण और मालखानों को व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से संबंधित थानों से प्रस्ताव लेकर रिकॉर्ड तैयार किया गया था।
निस्तारण की प्रक्रिया में दस्तावेजों और रिकॉर्ड का मिलान करने के बाद मादक पदार्थों का वजन किया गया। पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा सहित संबंधित पुलिस अधिकारी और जिला औषधि व्ययन समिति के सदस्य मौजूद रहे। कोटा ग्रामीण पुलिस ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के साथ जब्त माल के नियमानुसार निस्तारण की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
