कोटा। कोटा ग्रामीण पुलिस ने 17 सितंबर को ‘ड्राइवर्स डिग्निटी डे-2026’ पर वाहन चालकों का सम्मान कर सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। जिलेभर में बस स्टैंड, चौराहों, रेलवे स्टेशन, राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों में सुरक्षित परिवहन में चालकों के योगदान को रेखांकित किया गया।
राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कल्याण मीणा की देखरेख में कार्यक्रम हुए। इनमें ऑटो, बस और निजी वाहन चालकों का सम्मान किया गया। पुलिस की परिवहन शाखा और विभिन्न थानों में तैनात पुलिस वाहन चालकों को भी उनकी समर्पित एवं अनुशासित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
इस दौरान चालकों ने यातायात नियमों का पालन करने, प्रत्येक सड़क उपयोगकर्ता का सम्मान करने और साथी चालकों के प्रति गरिमापूर्ण व्यवहार रखने की शपथ ली। पुलिस ने चालकों को स्वयं सुरक्षित वाहन चलाकर दूसरों के लिए भी उदाहरण प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रमों में निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सीट बेल्ट और हेलमेट का उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने तथा नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई। आमजन से भी चालकों के श्रम और जिम्मेदारी को समझने, उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करने तथा सड़क पर धैर्य बनाए रखने का आह्वान किया गया।
