कोटा। कोटा ग्रामीण के दीगोद तहसील क्षेत्र के सरौला गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। गुरुवार शाम खेत से घर लौट रहे युवक को गांव के चौराहे पर रोककर आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए कोटा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार सरौला निवासी दीपांशु गोचर गुरुवार शाम खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के चौराहे पर प्रदीप गुर्जर ने उसे रोक लिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी बात को लेकर आरोपी ने दीपांशु पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं।
सुल्तानपुर अस्पताल से कोटा किया रेफर
घटना के बाद परिजन घायल दीपांशु को तत्काल सुल्तानपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे कोटा रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे कोटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
आरोपी की तलाश, थाने में दी शिकायत
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजनों ने मामले को लेकर सुल्तानपुर थाने में शिकायत दी है। पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
