कोटा। गणेश महोत्सव के अवसर पर मंगलवार को कुन्हाड़ी स्थित लैंडमार्क में भगवान गणेश की भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कोचिंग स्टूडेंट्स, स्थानीय लोग और अभिभावक शामिल हुए। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
चंबल हॉस्टल एसोसिएशन के अध्यक्ष विश्वनाथ शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में कोटा के डिप्टी एसपी राजेश टेलर और कुन्हाड़ी थानाधिकारी देवेश भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों और श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर महाआरती में सहभागिता की।
इस अवसर पर डिप्टी एसपी राजेश टेलर ने कहा कि कोटा सुंदर शहर होने के साथ-साथ स्टूडेंट्स के लिए सुरक्षित शहर है। उन्होंने कहा कि कोटा शिक्षा नगरी के साथ धार्मिक नगरी भी है। भगवान गणेश बुद्धि के देवता हैं और उनके वंदन से विद्यार्थियों को आत्मिक ऊर्जा प्राप्त होती है।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जिला प्रशासन का प्रयास रहता है कि किसी भी स्टूडेंट को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। पुलिस हर समय स्टूडेंट्स के साथ परिवार की तरह खड़ी है।
महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के जयकारे लगाए और सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में एलन से माणक मेहता, संदीप अग्रवाल, मनीष मुदड़ा, कमल अग्रवाल, राजेश कटारिया, राधेश्याम, जितेंद्र पारिक, मोहित शेट्टी, गिरीश, बंटी नागर और संजय विजय सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने श्रद्धा भाव के साथ महाआरती में हिस्सा लिया।
