कोटा। कोटा ग्रामीण के सांगोद तहसील क्षेत्र के बपावर थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग बालिका से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद बालिका की तबीयत बिगड़ने पर उसे कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बालिका के पिता के अनुसार, उनकी बेटी किसी परिचित के यहां मेहंदी लगाने के लिए गई थी। आरोप है कि वहां से एक परिचित महिला उसे किसी अन्य स्थान पर लेकर गई। पिता का कहना है कि इसी दौरान दो युवकों ने बालिका के साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद बालिका की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए कोटा लेकर पहुंचे, जहां न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसका उपचार जारी है। पिता के मुताबिक, बालिका को अब तक दो बोतल खून चढ़ाया जा चुका है।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है। नाबालिग से जुड़े मामले में उसकी पहचान उजागर न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
