नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में खैराबाद और चेचट पंचायत समितियों की 47 ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए शुक्रवार को मतगणना के दौरान मुकाबले का रोमांच देखने को मिला। कहीं जीत की उम्मीद में समर्थकों ने पहले ही पटाखे फोड़ दिए तो कहीं प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर रही। दोनों पंचायत समितियों में कुल 84.82 प्रतिशत मतदान हुआ था। खैराबाद में 85.17 प्रतिशत और चेचट में 84.51 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया।
खैराबाद ग्राम पंचायत में मतगणना शुरू होने से पहले ही प्रत्याशियों के समर्थक जीत की उम्मीद में पटाखे फोड़कर जश्न मनाने लगे। वहीं, रिछड़िया ग्राम पंचायत में दीपेंद्र सिंह ने 1045 वोट हासिल कर सरपंच पद पर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी शैलेंद्र कुमार को 400 वोट मिले। यहां जीत का अंतर 645 वोट रहा।
ढाकिया ग्राम पंचायत में हरिमोहन ने 937 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। राधेश्याम को 604 वोट मिले। वहीं, बुरनखेड़ी में मुकाबला बेहद करीबी रहा। यहां जयप्रकाश 710 वोट लेकर सरपंच निर्वाचित हुए, जबकि कृष्ण गोपाल को 702 वोट मिले। दोनों प्रत्याशियों के बीच महज 8 वोट का अंतर रहा।
इससे पहले पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में जिले की चार पंचायत समितियों की 162 ग्राम पंचायतों में करीब 78 प्रतिशत मतदान हुआ था। गिरधरपुरा ग्राम पंचायत में पंच और सरपंच निर्विरोध चुने गए थे।
