कोटा। कोटा शहर की कोतवाली थाना पुलिस ने स्कूटी चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर चोरी की स्कूटी बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान देवा भील (18) निवासी रथकांकरा, बोराबास, आरकेपुरम थाना क्षेत्र, कोटा शहर के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
सामान लेने गया, पीछे से गायब हो गई स्कूटी
पुलिस के अनुसार, दादाबाड़ी विस्तार योजना निवासी जितेन्द्र जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी काले रंग की एक्टिवा स्कूटी लेकर अग्रसेन बाजार में सामान खरीदने गए थे। करीब आधे घंटे बाद जब वह वापस लौटे तो स्कूटी मौके से गायब मिली। उन्होंने आसपास और पार्किंग स्थलों पर तलाश की, लेकिन स्कूटी का पता नहीं चला। इसके बाद 8 अक्टूबर को कोतवाली थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के निर्देश पर थानाधिकारी देशराज सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे निजी सीसीटीवी कैमरों के साथ अभय कमांड सेंटर के फुटेज खंगाले। फुटेज में मिले आरोपी के हुलिए के आधार पर उसकी तलाश शुरू की गई।
इसके बाद मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने देवा भील को चोरी की स्कूटी सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि वाहन चोरी की अन्य संभावित वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
