कोटा। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य में वरिष्ठ नागरिक संस्थान, कोटा की ओर से सेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में संस्थान के सदस्यों ने प्रताप नगर स्थित प्रचंड बालाजी गौशाला पहुंचकर गायों को चारा खिलाया और गौसेवा की। इस दौरान लोगों को गायों को उचित आहार देने, उनकी सेवा करने और संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व नेता प्रतिपक्ष लव शर्मा ने कहा कि सनातन संस्कृति में गौसेवा का विशेष महत्व है। उन्होंने गायों की सेवा और संरक्षण को समाज की जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से इसमें सहभागिता की अपील की।
संस्थान के अध्यक्ष टीपीएस सेठी ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और सेवा भावना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
समाज के प्रत्येक वर्ग को जीव-जंतुओं के प्रति करुणा और संवेदना का भाव रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा गतिविधियों से युवाओं को भी जोड़ा जाना चाहिए, ताकि उनमें जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना विकसित हो।
गौशाला की व्यवस्थाओं की ली जानकारी
संस्थान के सदस्यों ने गौशाला की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और वहां की गतिविधियों का जायजा लिया।
सदस्यों ने भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का संकल्प लिया।
संस्थान की ओर से बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सेवा, सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ये गतिविधियां आगे भी जारी रहेंगी।
कार्यक्रम में गौशाला अध्यक्ष गजेन्द्र व्यास, सचिव तनुजा खन्ना, ब्रिगेडियर एनएस कपूर, नरेन्द्र पाल सोनी, नीलू सेठी, नंदिता राय, अनुराधा, प्रभजोत, लीना सूद, आईएस चौपडा, पीसी पवन, सुशीला पवन, देवव्रत चतुर्वेदी, ममता सहित कई लोग मौजूद रहे।
