नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा। वरिष्ठ नागरिक संस्थान, कोटा की ओर से अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित वरिष्ठ नागरिक सप्ताह के तहत सोमवार को माला रोड स्थित मदर टेरेसा होम में जरूरतमंदों को राशन सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष टी.पी. सेठी ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची भावना है। वरिष्ठ नागरिक अपने अनुभव और सामर्थ्य का उपयोग समाजसेवा में करें, यही संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों से समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और अपनत्व की भावना मजबूत होती है। वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और सक्रिय भागीदारी से समाज के जरूरतमंद वर्गों को सहायता मिल सकती है।
राशन वितरण कार्यक्रम में ब्रिगेडियर एन.एस. कपूर, नंदिता राय, एन.पी. सोनी, पी.सी. पवन, सुशीला पवन, महेश चतुर्वेदी, रचना भार्गव, श्रुति भार्गव, एम.एस. चौहान, ममता, सुशील मेहता, पूर्णिमा मेहता, कर्नल सहोता और रानी सहोता सहित संस्थान के सदस्य मौजूद रहे।
संस्थान की ओर से वरिष्ठ नागरिक सप्ताह के दौरान विभिन्न सेवा, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजकों ने बताया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के साथ वरिष्ठ नागरिकों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना और उनकी सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना है।
