कोटा। एसआई भर्ती परीक्षा-2021 के पेपर लीक प्रकरण के बाद दोबारा आयोजित परीक्षा के लिए कोटा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर में 58 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर 16,448 अभ्यर्थी नामांकित हैं। केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई।
परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जा रही है। पहली पारी का समय सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दूसरी पारी का दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की आवाजाही शुरू हो गई। जांच के बाद ही उन्हें परिसर में प्रवेश दिया गया।
परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें निगरानी कर रही हैं। केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ प्रवेश प्रक्रिया पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पेपर लीक के बाद दोबारा हो रही परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क है।
