नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा। रोटरी क्लब कोटा राउंड टाउन और सुधा मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, सोगरिया में नि:शुल्क मल्टी चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में चिकित्सकों की टीम ने 108 मरीजों की आंखों, ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच की। मरीजों को नि:शुल्क दवाइयां वितरित करने के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।
क्लब अध्यक्ष रश्मि अग्रवाल ने बताया कि शिविर में डॉ. सचिन, डॉ. महेश और डॉ. शुभांगी सहित चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच की। जांच के दौरान जिन मरीजों को आंखों के ऑपरेशन अथवा अन्य जांच और उपचार की आवश्यकता पाई गई है, उनका सुधा मेडिकल कॉलेज में नि:शुल्क उपचार किया जाएगा।
रोटरी सामुदायिक सेवा दल के प्रमुख लल्लन प्रसाद शर्मा ने कहा कि इस क्षेत्र में जनहित को देखते हुए ऐसे चिकित्सा शिविरों की काफी आवश्यकता है। इन शिविरों से लोगों को स्वास्थ्य जांच और उपचार संबंधी परामर्श एक ही स्थान पर उपलब्ध होता है।
सहायक प्रांतपाल अनिल अग्रवाल ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, अजय अग्रवाल और रोटेरियन सुरेंद्र अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। क्लब सचिव देवेंद्र वर्मा ने अमरचंद पारेता, दिनेश शर्मा, सुनीता जांगिड़, चिकित्सकों, चिकित्सा कर्मियों और शिविर में सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
