कोटा। शहर के सोगरिया गांव में देर रात शिव मंदिर के पास करीब 4 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से लोगों में हलचल मच गई। मगरमच्छ को खुले मैदान में देखकर मौके पर मौजूद युवकों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया। वनकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया और बाद में चंबल नदी में छोड़ दिया।
वनकर्मी वीरेंद्र सिंह के अनुसार, मगरमच्छ शिव मंदिर के पास खुले मैदान में बने माताजी के स्थान के नजदीक पहुंच गया था। देर रात मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने सावधानीपूर्वक मगरमच्छ को काबू में लेकर सुरक्षित रेस्क्यू किया।
मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू के बाद उसे चंबल नदी में छोड़ दिया गया। सोगरिया क्षेत्र में मगरमच्छ के आबादी के नजदीक पहुंचने की इस घटना से एक बार फिर आसपास के इलाकों में वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
