कोटा | नागरिक अभिव्यक्ति। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि दुर्गाष्टमी शक्ति, सृजन और मातृशक्ति के सम्मान का पर्व है। मां स्वस्थ और सशक्त होगी, तभी आने वाली पीढ़ियां स्वस्थ होंगी और समर्थ राष्ट्र का निर्माण होगा। वे दुर्गाष्टमी के अवसर पर ट्रैफिक गार्डन परिसर में एयू बैंक फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित ‘सुपोषित मां अभियान’ के शिविर में गर्भवती महिलाओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान 1,500 गर्भवती महिलाओं को पोषण किट वितरित की गईं।
बिरला ने कहा कि छह वर्ष पहले माताओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य की चिंता से शुरू हुए इस अभियान से अब तक 30 हजार से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं। अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि हर बेटी को जन्म से सम्मान, सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए। बेटियों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए जनसहयोग से आर्थिक संबल उपलब्ध कराने के प्रयास भी किए जाएंगे।
समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहा अभियान : नागर
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि ओम बिरला ने जरूरतमंदों की समस्याओं को समझते हुए कई सामाजिक पहल की हैं। सुपोषित मां अभियान भी इसी सेवा भावना का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष की प्रेरणा से सांगोद क्षेत्र में भी इस तरह की पहल शुरू की गई है। माताओं और बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर बनाना स्वस्थ पीढ़ी और देश के बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है।
माताओं और बच्चों के स्वस्थ जीवन का संकल्प : कल्पना देवी
लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि जेके लोन अस्पताल में नवजात शिशुओं को खोने वाली माताओं की पीड़ा को देखकर ओम बिरला ने गर्भवती महिलाओं के पोषण और देखभाल की आवश्यकता को महसूस किया। इसी संवेदनशील सोच से अभियान की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि किसी अच्छी पहल को लगातार आगे बढ़ाकर जनअभियान बनाना महत्वपूर्ण है।
मातृशक्ति के सम्मान का पर्व : संदीप शर्मा
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि नवरात्र और अष्टमी मातृशक्ति के सम्मान के पर्व हैं। सुपोषित मां अभियान का उद्देश्य माताओं को पोषण उपलब्ध कराने के साथ आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ बनाना है। उन्होंने अभियान से जुड़ी टीम, चिकित्सकों, कार्यकर्ताओं और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक संजय अग्रवाल का आभार व्यक्त किया।
जनसेवा से विकसित भारत के संकल्प को मिलेगी मजबूती
एयू फाउंडेशन के संस्थापक ट्रस्टी और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के संस्थापक, प्रबंध निदेशक एवं सीईओ संजय अग्रवाल ने कहा कि मां और बच्चे का स्वस्थ रहना बेहतर समाज के निर्माण के लिए बेहद जरूरी है। अभियान के माध्यम से माताओं को नियमित पोषण सहायता मिल रही है और सामाजिक सहभागिता से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा कि हर मां और बच्चे को स्वस्थ जीवन और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना मजबूत राष्ट्र तथा विकसित भारत के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान सुपोषित मां अभियान में निरंतर सहयोग करने वाली महिला चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। डॉ. मीनू बिरला ने अभियान की छह वर्ष की यात्रा के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, महापौर अनुसुईया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी सहित अन्य पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
