कोटा। नगर निगम कोटा की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का आगाज गुरुवार को किशोर सागर तालाब पर श्रमदान और स्वच्छता संकल्प के साथ किया गया। नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सुबह की सैर पर निकले शहरवासियों ने भी उत्साह से भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने किशोर सागर परिसर में श्रमदान करते हुए सफाई की। इसके बाद उपस्थित लोगों ने क्षेत्र को स्वच्छ रखने और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने की शपथ ली। इस अवसर पर उपायुक्त भावना सिंह और स्वास्थ्य अधिकारी मोतीलाल चौधरी सहित निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे।
स्टेडियम में श्रमदान के बाद खेला बैडमिंटन
अभियान के तहत गुरुवार शाम दादाबाड़ी स्थित मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में भी स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त धीरज कुमार सोनी के नेतृत्व में नगर निगम के कर्मचारियों और सफाईकर्मियों ने स्टेडियम परिसर में श्रमदान किया।
सफाई अभियान के बाद कर्मचारियों ने बैडमिंटन खेला। इस दौरान आमजन को ‘स्वच्छ रहने के साथ-साथ स्वस्थ रहने’ का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के जरिए स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के साथ शारीरिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देने का संदेश दिया गया।
