नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान में भाजपा के लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान का कोटा से आगाज किया। सेवन वंडर्स से प्रारंभ हुई यह पदयात्रा कोटड़ी चौराहे से गुमानपुरा होकर छावनी तक पहुंची। हाथों में स्लोगन लगी तख्तियां लेकर आमजन पदयात्रा में शामिल हुए। सेवन वंडर्स पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की पूरे विश्व में साख बढ़ी है, सम्मान बढ़ा है। भारतीय लोकतंत्र का पूरा विश्व आदर करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प विकसित भारत जन-जन का संकल्प है। वह जब तक पूरा नहीं होगा, तब तक मोदी कहीं नहीं जाएंगे। जब तक हर गरीब के पास छत नहीं होगी, जब तक अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति आगे नहीं आएगा, हर महिला, हर किसान, हर मजदूर आर्थिक रूप से मजबूत नहीं होगा, तब तक मोदीजी कहीं नहीं जाने वाले हैं। हम सब मोदीजी के साथ खड़े हैं। पूरा देश मोदीजी के साथ खड़ा है।
उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस देश की जनता को यह स्पष्ट बताए कि एसआईआर यदि गलत है, तो उससे पहले कांग्रेस के कार्यकाल में हुई 10 एसआईआर पर उसका क्या मत है? जब कांग्रेस के समय भी एसआईआर हुई है और मतदाता सूचियों का शुद्धीकरण होता आया है, तो अब क्या समस्या पैदा हो गई? विशेष गहन पुनरीक्षण मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की संवैधानिक प्रक्रिया है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए यह आवश्यक है। यदि कांग्रेस के पास ठोस प्रमाण हैं, तो सक्षम प्राधिकरण या न्यायालय में जाए और तथ्य पेश करे, लेकिन कांग्रेस ऐसा न करके देश की जनता के बीच झूठी बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि जिसने कभी लोकतंत्र एवं संविधान का सम्मान नहीं किया, वह हमें ज्ञान दे रहा है। कांग्रेस शासन के दौरान संविधान के अनुच्छेद 356 का 93 बार उपयोग किया गया। इंदिरा गांधी के कार्यकाल में 50 बार और पंडित जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल में 17 बार राष्ट्रपति शासन लगाया गया। यह इतिहास बताता है कि संवैधानिक व्यवस्थाओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं के उपयोग को लेकर कांग्रेस का अपना रिकॉर्ड भी सवालों से परे नहीं है, जबकि हम लोकतंत्र की पवित्रता के लिए हमेशा डटे रहे हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि चंबल की धरती से लोकतंत्र की रक्षा के लिए हुआ यह आयोजन दूर तक जाएगा और मरणासन्न कांग्रेस के ताबूत में आखिरी कील साबित होगा। देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर ने जन-जन को एसआईआर की जानकारी से अवगत कराने का आह्वान किया। इस अवसर पर शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, महापौर अनुसुईया गोस्वामी, जिला महामंत्री रितेश चित्तौड़ा सहित बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे।
कांग्रेस जनादेश का अपमान कर रही : राठौड़
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि हम भी लंबे समय तक विपक्ष में रहे हैं, किंतु हमारी भाषा कभी अमर्यादित नहीं हुई। हमने हमेशा जनादेश का सम्मान किया है। किंतु कांग्रेस ने स्तरहीन भाषा की सभी सीमाएं लांघकर दिन-प्रतिदिन अपमानजनक और गाली-गलौज जैसी भाषा को अपनाया है। वहीं, वह लगातार देश की जनता द्वारा प्रदान किए जा रहे जनादेश का भी अपमान कर रही है। राठौड़ ने कहा कि जब तक लोकसभा का सदन चलता है, तब तक कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विदेश यात्रा पर निकल जाते हैं। वहां से वह क्या कुछ लेकर आते हैं, फिर देश में अराजकता फैलाने लग जाते हैं।
