नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा। कोटा सुपर थर्मल पावर स्टेशन में कार्य के दौरान एक ठेका श्रमिक के घायल होने से श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। हादसे में कर्मचारी गिरिराज सैनी के सीने में गंभीर चोट आई। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थर्मल प्लांट परिसर में काम करते समय गिरिराज सैनी अचानक फिसलकर नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। साथी श्रमिकों ने उन्हें संभाला और तत्काल नजदीकी चिकित्सालय पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलने पर राजस्थान विद्युत ठेका कर्मचारी संघ की कोटा थर्मल इकाई के अध्यक्ष सचिन शर्मा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से घायल कर्मचारी की स्थिति की जानकारी ली और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की बात कही। शर्मा ने कहा कि प्लांट में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। किसी भी कर्मचारी की जान जोखिम में डालकर काम नहीं कराया जाना चाहिए।
संघ अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इस मामले में सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया गया है। उन्होंने प्रबंधन से घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार फर्म नवदीप के खिलाफ उचित कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट करने की मांग की। उन्होंने घायल श्रमिक को हरसंभव चिकित्सकीय सहायता और राहत उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई।
