कोटा। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोटा शहर देशभक्ति के रंग में रंगने जा रहा है। 14 अगस्त को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों और क्षेत्रों से होकर गुजरेगी और अंत में स्टेशन क्षेत्र में पहुंचकर संपन्न होगी।
तिरंगा यात्रा के दौरान शहर में देशभक्ति का माहौल नजर आएगा। यात्रा में देशभक्ति गीतों की गूंज के साथ स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया जाएगा। यात्रा को लेकर शहरवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ रैली मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं, जिला प्रशासन भी तिरंगा यात्रा और स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों में जुटा हुआ है। शहर के प्रमुख चौराहों के साथ सरकारी और प्रशासनिक कार्यालयों को आकर्षक रोशनी से सजाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शहर के विभिन्न हिस्सों में तिरंगे और देशभक्ति से जुड़े सजावटी इंतजाम किए जा रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार, तिरंगा यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों में राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
