कोटा। कोटा ग्रामीण के बूढ़ादित थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। झाड़गांव के पास खेत में जुताई का काम पूरा करने के बाद ट्रैक्टर से घर लौट रहे युवक के नीचे गिरने के बाद ट्रैक्टर का टायर उसके ऊपर चढ़ गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने कोटा के एमबीएस अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
ट्रैक्टर से गिरा युवक, ऊपर चढ़ गया टायर
बूढ़ादित थाने के एएसआई नरेंद्र सिंह के अनुसार सुल्तानपुर निवासी 19 वर्षीय विशाल खेत में जुताई का काम करने के बाद विनोद कुमार के ट्रैक्टर पर बैठकर घर लौट रहा था। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। झाड़गांव के पास अचानक विशाल ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और इसी दौरान ट्रैक्टर का टायर उसके ऊपर चढ़ गया।
गंभीर हालत में कोटा किया रेफर
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक घायल विशाल को तत्काल सुल्तानपुर अस्पताल लेकर पहुंचा। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान विशाल की मौत हो गई।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपा
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार मृतक विशाल पढ़ाई करता था।
चालक के खिलाफ शिकायत, जांच जारी
मृतक के परिजनों ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों तथा चालक की लापरवाही की जांच की जा रही है।
