कोटा। तालेड़ा रेलवे कॉलोनी निवासी 42 वर्षीय हुकमचंद पुत्र श्याम बिहारी की सड़क हादसे में इलाज के दौरान मौत हो गई। हुकमचंद पंडित का काम करते थे।
जानकारी के अनुसार हुकमचंद मोटरसाइकिल से तालेड़ा से हिंडोली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हुकमचंद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए बूंदी अस्पताल ले जाया गया।
बूंदी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान हुकमचंद ने दम तोड़ दिया। शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने हादसे के संबंध में जांच शुरू कर दी है।
