कोटा। ट्रेन में छूटी महिला यात्री की करीब दो लाख रुपए कीमत की सोने की चेन टिकट चेकिंग स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल की सजगता से वापस मिल गई। ड्यूटी के दौरान टीटीई गणेश सिंह को गाड़ी संख्या 12955 के बी-4 कोच में बर्थ संख्या 17-18 के पास चेन मिली थी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि टीटीई ने पीएनआर के आधार पर यात्री मेघा प्रवीण जैन से संपर्क किया। वह मुंबई सेंट्रल से विक्रमगढ़ आलोट तक यात्रा कर रही थीं और अपने स्टेशन पर उतर चुकी थीं। संपर्क करने पर उन्होंने चेन अपनी होने की पुष्टि की।
टीटीई गणेश सिंह ने चेन आरपीएफ कोटा पोस्ट के सहायक उपनिरीक्षक हरिओम सिंह को सुपुर्द की। यात्री की पहचान की पुष्टि के बाद चेन उनके परिचित राकेश जैन को सौंप दी गई।
