कोटा विश्वविद्यालय में 21.96 करोड़ से बनेंगे दो नए भवन
कुलगुरु भगवती प्रसाद सारस्वत ने पूजा-अर्चना के साथ किया भूमि पूजन
कोटा। कोटा विश्वविद्यालय में शैक्षणिक और कौशल विकास सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बुधवार को दो नए भवनों के निर्माण की शुरुआत हुई। कुलगुरु भगवती प्रसाद सारस्वत ने पूजा-अर्चना के साथ कॉमर्स एवं मैनेजमेंट विभाग भवन और स्किल डेवलपमेंट सेंटर का भूमि पूजन किया। दोनों भवनों के निर्माण पर कुल 21.96 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
कॉमर्स एवं मैनेजमेंट विभाग भवन के लिए 14.44 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसका निर्माण 3005 वर्गमीटर क्षेत्र में भू-तल एवं प्रथम तल के रूप में किया जाएगा। भवन में प्रवेश लॉबी, शोधार्थी एवं जीआरएफ कक्ष, अंग्रेजी लैब, सेमिनार हॉल, एमबीए कक्षाएं, प्रोफेसर, सह आचार्य, सहायक आचार्य एवं विभागाध्यक्ष कक्ष, लैब इंस्ट्रक्टर कक्ष, कैंटीन, लिफ्ट, शौचालय और स्टोर सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इसी तरह 7.51 करोड़ रुपये की लागत से स्किल डेवलपमेंट सेंटर का निर्माण 2170.85 वर्गमीटर क्षेत्र में होगा। सेंटर में इंजीनियरिंग वर्कशॉप, क्यूलिनरी लैब, कंप्यूटर लैब, अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा प्रयोगशाला और बहुउद्देश्यीय हॉल सहित विभिन्न प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में कृषि विश्वविद्यालय की कुलपति विमला डूंकवाल, कुलसचिव मुरलीधर प्रतिहार, प्रो. घनश्याम शर्मा, प्रो. अनुकृति शर्मा सहित विश्वविद्यालय के कई प्रोफेसर एवं अधिकारी मौजूद रहे।
