कोटा। कोटा विश्वविद्यालय के तीन विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी जगह बनाई है। विश्वविद्यालय की लक्षिता दाधीच, दीपल हाड़ा और अत्रे गौतम का उज्बेकिस्तान के समरकंद स्थित सिल्क रोड इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ टूरिज्म एंड कल्चरल हेरिटेज में अध्ययन के लिए चयन हुआ है। तीनों विद्यार्थी अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में उज्बेकिस्तान के लिए रवाना होंगे। यहां उन्हें छात्रवृत्ति के साथ मास्टर डिग्री हासिल करने का अवसर मिलेगा। चयनित विद्यार्थियों को प्रतिमाह 500 अमेरिकी डॉलर छात्रवृत्ति के अलावा 100 डॉलर छात्रावास खर्च के लिए दिए जाएंगे। भारत से उज्बेकिस्तान आने-जाने का इकोनॉमी क्लास हवाई टिकट भी उपलब्ध कराया जाएगा।
पर्यटन और विरासत संरक्षण जैसे विषयों में पढ़ाई का अवसर
कोटा विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय मामलों के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. अनुकृति शर्मा ने बताया कि भारत में शैक्षणिक सहयोग के लिए सिल्क रोड इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ने कोटा विश्वविद्यालय का चयन किया है। इस साझेदारी के तहत विद्यार्थियों को पर्यटन एवं आतिथ्य प्रबंधन, पुरातत्व, संग्रहालय विज्ञान, संरक्षण, कला एवं स्थापत्य स्मारकों की बहाली और ऐतिहासिक धरोहरों के रखरखाव जैसे विषयों में मास्टर डिग्री हासिल करने का अवसर मिलेगा। लक्षिता दाधीच को 2026-27 सत्र में पर्यटन एवं आतिथ्य विषय में मास्टर डिग्री के लिए आधिकारिक प्रवेश स्वीकृति भी मिल चुकी है।
अध्ययन यात्राओं के लिए भी मिलेगी अतिरिक्त राशि
इस शैक्षणिक अवसर के तहत विद्यार्थियों को उज्बेकिस्तान की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से
परिचित कराने के लिए वर्ष में दो अध्ययन यात्राएं कराई जाएंगी। प्रत्येक यात्रा के लिए 100 अमेरिकी डॉलर अतिरिक्त दिए जाएंगे। विभाग के अनुसार यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक वातावरण में अध्ययन करने के साथ पर्यटन, आतिथ्य, संस्कृति और विरासत संरक्षण के क्षेत्र में वैश्विक अनुभव प्राप्त करने का अवसर देगा।
अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक साझेदारी को मिल रहा विस्तार
विद्यार्थियों ने इस अवसर के लिए कोटा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरु प्रो. (डॉ.) बीपी सारस्वत के प्रति आभार व्यक्त किया है। वर्तमान में वे राजस्थान विश्वविद्यालय के कुलगुरु हैं। उनके मार्गदर्शन में कोटा विश्वविद्यालय द्वारा अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ शैक्षणिक साझेदारी को विस्तार दिया जा रहा है। सिल्क रोड यूनिवर्सिटी के साथ यह सहयोग विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
