नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा। दादाबाड़ी स्थित वैष्णो देवी ज्योति मंदिर में शारदीय नवरात्रि महोत्सव के तहत महाअष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर सुबह से ही श्रद्धालुओं के जयकारों और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजता रहा। इस अवसर पर विशेष हवन-पूजन, कन्या पूजन और महाभोग के अनुष्ठान संपन्न हुए।
महाअष्टमी पर पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन कराया। श्रद्धालुओं ने माता रानी को 56 भोग अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। विशेष महाआरती के बाद माता रानी के दिव्य श्रृंगार का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। प्रसाद प्राप्त कर भक्त भावविभोर हो उठे।
मंदिर प्रबंधक सनमीत सिंह बंटी ने बताया कि नौ दिवसीय शारदीय नवरात्रि अनुष्ठान के समापन पर महानवमी के अवसर पर सोमवार को मंदिर परिसर में शाम 5 बजे से विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा।
