कोटा। शहर के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र स्थित पुष्पक कोरियर कंपनी में ₹20 लाख के गबन और धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। कंपनी के मैनेजर ने साजिश रचकर पार्सल डिलीवरी का पैसा कंपनी के खाते में जमा कराने के बजाय अपनी पत्नी के बैंक खाते के क्यूआर (QR) कोड पर ट्रांसफर करवा लिया। पुलिस ने आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर रिमांड पर ले लिया है।
कंपनी की जगह पत्नी का QR कोड थमाया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुन्हाड़ी स्थित इकबाल चौक निवासी मुख्तियार अली के रूप में हुई है, जो विज्ञान नगर स्थित पुष्पक कोरियर शाखा में बतौर मैनेजर कार्यरत था। आरोपी ने पार्सल डिलीवरी के दौरान ग्राहकों को कंपनी के खाते की जगह अपनी पत्नी के बैंक खाते का QR कोड दे दिया। ग्राहकों द्वारा किया गया भुगतान सीधे उसकी पत्नी के खाते में जमा होता रहा और इस तरह उसने लगभग ₹20 लाख की राशि हड़प ली।
इस्तगासे के जरिए दर्ज हुआ था मामला
इस धोखाधड़ी को लेकर पीड़ित कंपनी संचालक (फरियादी) ने 19 मई को न्यायालय में इस्तगासा (परिवाद) पेश किया था। अदालत के आदेश के बाद विज्ञान नगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
रिमांड पर लेकर पूछताछ में जुटी पुलिस
विज्ञान नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मुख्तियार अली को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय से रिमांड पर लेकर गबन की गई रकम की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में गहनता से पूछताछ कर रही है।
