कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से सोमवार को स्टेशन क्षेत्र स्थित यूको बैंक के सामने, मनोज टॉकीज चौराहा, कोटा जंक्शन पर विशाल विजय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं और महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला रहे। विशिष्ट अतिथि कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन ने की।
संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान
मुख्य अतिथि राजेश कृष्ण बिरला ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। भाजपा आज जिस मुकाम पर पहुंची है, उसमें कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और निरंतर सक्रियता का महत्वपूर्ण योगदान है।
उन्होंने कहा, "कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए पूरी मेहनत और एकजुटता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर
राजेश कृष्ण बिरला ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता आमजन के बीच जाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।
उन्होंने संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।
विधायक संदीप शर्मा ने कार्यकर्ताओं की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण
विशिष्ट अतिथि कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रियता बनाए रखने और पार्टी के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
भाजपा शहर जिला अध्यक्ष राकेश जैन ने सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक एकजुटता के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
युवाओं और महिला कार्यकर्ताओं की रही बड़ी भागीदारी
पूर्व भाजपा शहर जिला कार्यकारिणी सदस्य नितिन खत्री ने बताया कि छोटे भाईसाहब के मार्गदर्शन एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के आशीर्वाद से आयोजित सम्मेलन में युवाओं के साथ बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन को भव्य रूप देने के लिए कार्यकर्ताओं ने सामूहिक प्रयास किए और आयोजन में उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
सम्मेलन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। सम्मेलन के मुख्य सहयोगकर्ता मंडल अध्यक्ष दिनेश सरसिया एवं मंडल प्रतिनिधि सत्यनारायण शर्मा (सत्तू जी भाईसाहब) रहे।
कार्यक्रम के आयोजक पूर्व शहर जिला कार्यकारिणी सदस्य युवा मोर्चा नितिन खत्री एवं मंडल प्रभारी जितेन्द्र चौधरी ने बताया कि सम्मेलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहने और आगामी कार्यक्रमों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया गया।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम के सफल आयोजन में युवा नेता लक्की सिंह, भारत मीणा, नाजिम, अंकित नायक, सौरभ रामपाल, गोपाल श्रीवास्तव, मनीष अहलूवालिया, राहुल चावला, भारत लाल उर्फ मोनी सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा। सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

