नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा में वाहन चोरों के हौसले बुलंद हैं। अनंतपुरा थाना क्षेत्र में विश्वकर्मा सर्किल के पास एक होटल के बाहर खड़ी सुपर स्प्लेंडर बाइक को तीन बदमाश चोरी कर ले गए। वारदात बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे हुई। बाइक चोरी की घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने अनंतपुरा थाने में शिकायत दी है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
पीड़ित राज सिंह शेखावत ने बताया कि वह रामगंजमंडी से तीन दिन पहले कोटा आए थे। यहां एसी लगाने का काम करते हैं और अपने दोस्त के होटल में रुके हुए थे। बुधवार सुबह तीन बदमाश होटल के बाहर पहुंचे और वहां खड़ी बाइकों के लॉक खोलने का प्रयास करने लगे। इस दौरान उनकी सुपर स्प्लेंडर बाइक का लॉक खुल गया। इसके बाद एक बदमाश बाइक लेकर फरार हो गया, जबकि उसके दो साथी भी उसके साथ थे।
सीसीटीवी फुटेज में बाइक चोरी करने वाला बदमाश नजर आ रहा है। घटना का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी और शिकायत दर्ज करवाई।
अनंतपुरा थाना अधिकारी महेश कारवाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों को जल्द पकड़ने की बात कही है।
