नागरिक अभिव्यक्ति | कोटा
राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में कोटा में एक से सात अक्टूबर तक रक्तदान जागरूकता सप्ताह मनाया जाएगा। बुधवार को अतिरिक्त औषधि नियंत्रक प्रहलाद मीणा ने अभियान के पोस्टर का विमोचन किया। इस दौरान टीम जीवनदाता के संरक्षक एवं संस्थापक भुवनेश गुप्ता ने सप्ताहभर होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी।
गुप्ता ने बताया कि युवाओं और आमजन को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करने के लिए स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संस्थाओं और क्लबों के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें नारा, पोस्टर और ड्राइंग प्रतियोगिताएं, रक्तदान संकल्प तथा ब्लड ग्रुपिंग शिविर शामिल हैं। अभियान के दौरान रक्तदान के महत्व और इससे जुड़ी भ्रांतियों को लेकर भी जागरूकता संदेश दिए जाएंगे।
अतिरिक्त औषधि नियंत्रक प्रहलाद मीणा ने कहा कि युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से स्वैच्छिक रक्तदान को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में टीम जीवनदाता के नितिन मेहता, आशीष खंडेलवाल, रविन्द्र मालव, रामप्रसाद मीणा और वीरेंद्र मालव सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
